फोटो : फाइल फोटो
सीकर , 22 मार्च 2026
रिपोर्ट : किशोर सिंह लोचिब
शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री सीकर के रेवासा गांव में गंदगी के अंबार लगे देखकर भड़क गए। उन्होंने ग्रामीणों को बुलाकर पूछा कि गांव में रोज झाड़ू निकलता है क्या? पंचायत की तरफ से सफाई कर्मी आते हैं क्या? इस पर ग्रामीणों ने मंत्री को बताया कि कोई भी झाड़ू लगाने नहीं आता है और ना ही कोई कचरा उठाने गाड़ी आती है।
मंत्री दिलावर ने सीकर के 2 खंड विकास अधिकारी (BDO), 2 अतिरिक्त खंड विकास अधिकारी (ABDO) और 2 स्वच्छता प्रभारी को सस्पेंड करने का आदेश दिया है। इसके साथ ही जिला परिषद के सीईओ और एसीईओ को चार्जशीट देने के निर्देश दिए।
दरअसल रविवार को मंत्री मदन दिलावर जयपुर से चूरू जा रहे थे। इस दौरान उन्होंने सीकर में कई ग्राम पंचायत का दौरा किया। मंत्री सबसे पहले सीकर जिले की ग्राम पंचायत ठीकरिया पहुंचे। इसके बाद पंचायत समिति पलसाना की ग्राम पंचायत रेवासा पहुंचे।
शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर पंचायत समिति पिपराली की ग्राम पंचायत बाजोर पहुंचे। यहाँ भी पूरे गांव में पानी फैला हुआ था जगह-जगह कीचड़ और रास्ते जाम थे। गांव के मुख्य सड़क पर ही गंदगी और कचरे की ढेर लगे थे। जिसे देखकर मंत्री मदन दिलावर ने तुरंत जिला परिषद सीकर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को फोन किया।
दिलावर ने पूछा कि आप कभी गांव में जाते हो? कभी किसी पंचायत समिति में दौरा कर उसकी सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया है? मंत्री ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी से सवाल किया कि मैं गांव-गांव घूम के आ रहा हूं सभी जगह गांव में गंदगी के ढेर लगे मिले हैं ।
कौन होगा जिम्मेदार :-
दिलावर ने कहा कि झाड़ू और सफाई की व्यवस्था नहीं हो रही है। गर्मी का मौसम आने वाला है, इस गंदगी से गांव में बीमारी फैल गई लोगों को हैजा हो गया तो कौन जिम्मेदार होगा? तुम्हारा बी डी ओ कभी गांव में जाता नहीं है?
मंत्री ने नाराज होकर कहा कि अब मैं सबके खिलाफ कार्रवाई करूंगा । पिछले 2 साल से लगातार सफाई के लिए जोर दे रहा हूं और आप लोग गांव में सफाई को लेकर गंभीरता से काम नहीं कर रहे हो।
इन्हें किया सस्पेंड:-
मंत्री मदन दिलावर ने जिला परिषद सीकर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी को चार्जशीट देने और BDO पलसाना सुरेंद्र शर्मा (कार्यवाहक), ABDO पलसाना बीरबल सिंह, BDO पिपराली जनरैल सिंह, ABDO पिपराली रतन को सस्पेंड करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ दो स्वच्छता प्रभारी को भी सस्पेंड किया गया है।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment