फोटो : फाइल फोटो
बाड़मेर, 28 मार्च 2026
रिपोर्ट : एडिटर
शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी पर मारवाड़ के लोकप्रिय और प्रतिष्ठित भजन गायक छोटू सिंह रावणा ने गंभीर आरोप लगाए है । रावणा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर दावा किया है कि विधायक भाटी ने उन्हें फोन पर न केवल डराया-धमकाया, बल्कि अप्रत्यक्ष रूप से जान से मारने की चेतावनी भी दी।
छोटू सिंह रावणा के अनुसार, यह पूरा घटनाक्रम तब शुरू हुआ जब उन्होंने सोशल मीडिया पर रविंद्र सिंह भाटी से जुड़ी एक पोस्ट पर अपना कमेंट किया। गायक का आरोप है कि रात करीब 11 बजे विधायक भाटी का उन्हें फोन आया।
रावणा ने दावा किया कि भाटी ने बेहद सख्त लहजे में उनसे बात की और कहा, "दो बार मैंने तुम्हें छोड़ दिया, अब मुझे तुम्हें सीधा करना भी आता है।" गायक का कहना है कि यह शब्द उन्हें सुधरने की चेतावनी नहीं, बल्कि जान से मारने की अप्रत्यक्ष धमकी जैसे लगे।
यह है पूरा मामला :-
पूरा मामला 'डिजिटल वॉर' से शुरू हुआ बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, छोटू सिंह ने एक पोस्ट के कमेंट बॉक्स पर रविंद्र सिंह भाटी को लेकर आलोचनात्मक टिप्पणी की थी। यह बात विधायक को नागवार गुजरी और उन्होंने सीधे गायक से संपर्क किया। रावणा का कहना है कि एक जनप्रतिनिधि द्वारा इस तरह की 'धमकाने वाली टोन' का इस्तेमाल करना लोकतंत्र के लिए खतरनाक है।
समर्थकों ने संभाला मोर्चा :-
जैसे ही छोटू सिंह रावणा का वीडियो वायरल हुआ, रविंद्र सिंह भाटी के समर्थकों ने भी मोर्चा संभाल लिया है। भाटी समर्थकों ने कहा कि यह सब महज एक पब्लिसिटी स्टंट है। उन्होंने ऑडियो जारी करने की मांग की है ।
हालांकि, अभी तक इस पूरे मामले पर रविंद्र सिंह भाटी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। लोग यह जानने को बेताब हैं कि क्या यह वास्तव में कोई धमकी थी या फिर बातचीत का कोई गलत अर्थ निकाला गया है।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment