फोटो : फाइल फोटो
जयपुर, 28 मार्च 2026
रिपोर्ट : एडिटर
एलपीजी की सुचारु आपूर्ति और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि गैस की कालाबाजारी या अधिक कीमत वसूलने के मामलों में संबंधित संस्थाओं और व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनके लाइसेंस निरस्त किए जाएं। साथ ही बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वालों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी की जाए।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में सभी जिला कलेक्टरों को एलपीजी आपूर्ति की नियमित समीक्षा करने और जमीनी हालात का फीडबैक लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गैस एजेंसियों और गोदामों का आकस्मिक निरीक्षण किया जाए तथा स्टॉक रजिस्टर और वास्तविक भंडारण का मिलान भी अनिवार्य रूप से कराया जाए, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर तुरंत कार्रवाई हो सके।
गोदामों के नियमित निरीक्षण के निर्देश:-
मुख्यमंत्री ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों को संयुक्त टीम बनाकर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में एलपीजी और आवश्यक वस्तुओं के गोदामों, एजेंसियों तथा वितरण केंद्रों का नियमित निरीक्षण किया जाए, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
24 घंटे में निस्तारण:-
मुख्यमंत्री ने बैठक में निर्देश दिए कि एलपीजी से जुड़ी शिकायतों का समाधान 24 घंटे के भीतर किया जाए। इसके लिए जिलों में हेल्पलाइन और शिकायत पोर्टल को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए और उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया, स्थानीय मीडिया और पंचायत स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम चलाकर लोगों को सही जानकारी दी जाए, ताकि अफवाहों के कारण कृत्रिम मांग की स्थिति न बने।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment