फोटो : फाइल फोटो
नीमकाथाना, 29 मार्च 2026
रिपोर्ट : किशोर सिंह लोचिब
नीमकाथाना के समीपवर्ती ग्राम कैरवाली में स्थित एसएमपी स्कूल में रविवार को वार्षिकोत्सव ‘जाकयो 7.0 (2026)’ हर्षोल्लास साथ आयोजित हुआ । कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ACBEO राजेश टेलर, समाजसेवी डॉ. रणजीत जाखड़, दिशा स्कूल संचालक रवि गुप्ता, SSP अध्यक्ष कृष्ण कुमार खटाणा, बाल विकास संस्था के संचालक माडूराम राम सैनी सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाध्यापिका अनीता भास्कर और चेयरमैन जे.पी. भास्कर द्वारा दीप प्रज्वलन व सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, राजस्थानी संस्कृति थीम, हऱियाणवी संस्कृति, आर्मी एक्ट, वुमन पावर, मोबाइल थीम एक्ट तथा कॉमेडी डांस जैसी प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
‘जाकयो 7.0’ के मंच पर बच्चों ने शिक्षा, संस्कृति, देशभक्ति और सामाजिक मूल्यों से जुड़े संदेशों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। छोटे बच्चों की मासूम अदाओं और आत्मविश्वास ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया और दर्शकों की जोरदार तालियाँ बटोरीं।
कार्यक्रम में विद्यालय की खेल उपलब्धियों को भी विशेष रूप से प्रकाश में लाया गया। मंच से यह संदेश स्पष्ट रूप से सामने आया कि एसएमपी स्कूल शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी बच्चों को मजबूत आधार और नियमित प्रशिक्षण प्रदान करता है, जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
बता दे कि एसएमपी स्कूल के विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय के साथ नीमकाथाना क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र 2024-25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कक्षा 10 में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र साहिल जाखड़ को 21,000 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र सिदार्थ बुडानिया को 11,000 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा खुशी जाखड़ को 5,100 रुपये की राशि प्रदान की गई। इसके साथ ही 90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 1,100 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई।
खेल क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विद्यालय के छात्र कमल (पुत्र रणवीर) को राष्ट्रीय स्तर पर शूटिंग में गोल्ड मेडल प्राप्त करने पर 11,000 रुपये प्रदान किए गए। वहीं आर्चरी में राज्य स्तर पर पदक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्रा सोनम और हरपाल को 1100-1100 रुपये देकर सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त सम्पूर्ण टीचिंग एवं नॉन-टीचिंग स्टाफ को भी उनके योगदान के लिए 1,100 रुपये की सम्मान राशि दी गई। साथ ही श्री लक्ष्मण जी महाराज मंदिर, कैरवाली निर्माण समिति के लिए 21,000 रुपये की सहयोग राशि भी भेंट की गई।
पुरस्कार वितरण के दौरान बच्चों को अभिभावकों के साथ मंच पर बुलाने का दृश्य बेहद भावुक और प्रेरणादायक रहा।
चेयरमैन जे.पी. भास्कर ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को शारीरिक रूप से सक्षम, मानसिक रूप से सशक्त और नैतिक रूप से जागरूक बनाना है। प्रधानाध्यापिका अनीता भास्कर ने बच्चों की मेहनत, शिक्षकों की निष्ठा और अभिभावकों के सहयोग की सराहना करते हुए विद्यालय की निरंतर प्रगति पर प्रकाश डाला।
रंग-बिरंगी सजावट से सजे विद्यालय परिसर और प्रभावशाली संचालन ने कार्यक्रम की शोभा को और बढ़ाया। अंत में चेयरमैन ने सभी अतिथियों व अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एसएमपी स्कूल का यह वार्षिकोत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं रहा, बल्कि यह विद्यार्थियों की शैक्षणिक उत्कृष्टता, खेल कौशल, आत्मविश्वास और विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों का सशक्त प्रतीक बनकर सामने आया।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment