फोटो : फाइल फोटो
बाँसवाड़ा , 06 अप्रेल 2026
रिपोर्ट : एडिटर
शहर के दो व्यापारियों से कुल 1 करोड़ 40 लाख रुपए की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस टीम ने आरोपी शिक्षक को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी शिक्षक विकेश कुमार कमोल पुत्र कालिया कमोल, थाना क्षेत्र कुशलगढ़ के गांव टिम्बा महुडी का निवासी है।
पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी शिक्षक ने 30 मार्च को एक व्यापारी की बंद दुकान में शटर के नीचे से फिरौती की चिट्ठी डाली और दूसरे व्यापारी के फार्महाउस पर जाकर एक कर्मचारी को धमकी भरा पत्र थमाया। उसने कहा कि यह जमीन के कागजात हैं और मालिक को दे देना।
अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर शुरू की जांच
धमकी भरे पत्र में आरोपी ने स्वयं को बड़ा गैंगस्टर बताते हुए एक व्यापारी से 90 लाख और दूसरे से 50 लाख रुपए की मांग की। साथ ही पैसे नहीं देने पर परिवार और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। दोनों व्यापारियों ने घबराकर 31 मार्च को पुलिस को सूचना दी। पुलिस अधीक्षक ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपत सिंह को मामले का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। पुलिस उपाधीक्षक गोपीचंद मीणा के नेतृत्व में थाना राजतलाब में दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज :-
पुलिस की गठित टीम ने करीब 300 सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे संदिग्ध की पहचान हुई। दाहोद मार्ग से आरोपी के आने-जाने का बारीकी से निरीक्षण किया गया। पुलिस ने फिरौती में उपयोग किए गए लिफाफों के संबंध में रास्ते में पड़ने वाली स्टेशनरी दुकानों पर भी जांच की।
पुख्ता साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को पकड़कर गहन पूछताछ की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चुडादा में द्वितीय श्रेणी गणित विषय का अध्यापक है।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment