फोटो : फाइल फोटो
उदयपुर , 10 अप्रेल 2026
रिपोर्ट : एडिटर
बाड़मेर जिले के शिव विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय विधायक रविन्द्र सिंह भाटी शुक्रवार को उदयपुर कोर्ट में पेश हुए। उन्होंने कोविड काल के दौरान छात्र हितों को लेकर किए गए आंदोलन से जुड़े मामले में अदालत के समक्ष अपनी बात रखी। कोर्ट परिसर में समर्थकों की भारी भीड़ के बीच भाटी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को राजनीतिक षड्यंत्र बताया।
भाटी ने कहा कि यूनिवर्सिटी के दिनों में जब हमने छात्र हित के लिए जमकर लड़ाई लड़ी, उसके घाव आज भी लगे हैं। उस वक्त कोरोनाकाल के बावजूद फीस लेने के विरोध में प्रदेशभर में कलेक्टर को राज्य सरकार के नाम ज्ञापन सौंपे गए थे।
उदयपुर कलेक्ट्रेट पर भी प्रदर्शन किया था, जिसमें मैं शामिल हुआ था। यहां प्रदर्शन करने पर मेरे खिलाफ राजनीतिक षड़यंत्र के तहत मुकदमा हुआ था। मुझे न्यायालय पर पूरा भरोसा है।
भाटी के वकील भूपेन्द्र सिंह चुंडावत ने बताया किदोनों पक्षों ने अपने-अपने तर्क रखे। कोर्ट ने दोनों को सुना। अब अगली पेशी पर कोर्ट से निर्णय आने की संभावना है। 16 अगस्त 2021 को विधायक भाटी सहित 3 लोगों पर धारा 144 के उल्लंघन का केस दर्ज हुआ था।
भाटी ने कहा कि उस समय ग्रामीण छात्र आर्थिक रूप से बेहद कमजोर स्थिति में थे। उनके पास ऑनलाइन पढ़ाई के संसाधन नहीं थे, इसके बावजूद उनसे पूरी फीस ली जा रही थी। इसी के विरोध में उन्होंने आवाज उठाई, जिसे अब गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है। समाज में हाल ही में सोशल मीडिया पर चल रहे विवादों और पुराने वीडियो वायरल होने के सवाल पर भाटी ने संतुलित प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राजनीति में मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन समाज में मनभेद नहीं होने चाहिए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि प्रेम, सद्भाव और भाईचारा ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है और इसे बनाए रखना जरूरी है।
हाईकोर्ट बेंच के लिए मांग उठाएंगे :-
वकीलों ने भाटी से लंबे समय से लंबित हाईकोर्ट बेंच की मांग को राज्य और केन्द्र में उठाने का आग्रह किया। इस पर भाटी ने कहा- वे वकीलों के साथ हैं और पुरजोर तरीके से इसकी मांग उठाएंगे।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment