फोटो : फाइल फोटो
दिल्ली, 17 अप्रेल 2026
रिपोर्ट : एडिटर
केंद्र सरकार महिला आरक्षण बिल से जुड़ा संविधान (131वां) संशोधन बिल लोकसभा में पास नहीं करा पाई। बिल में संसद की 543 सीटों से बढ़ाकर 850 सीटें करने का प्रावधान था। संशोधन बिल के लिए लोकसभा में कुल 489 वोट पड़े। बिल के पक्ष में 278 वोट, जबकि बिल के खिलाफ 211 वोट पड़े।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि संविधान संशोधन(131वां संशोधन) बिल पास नहीं हुआ, सदन में वोटिंग के दौरान इसे 2/3 बहुमत नहीं मिला। लोकसभा में मौजूदा सांसदों की संख्या 540 है, तीन सीटें खाली हैं।
विपक्ष की प्रतिक्रिया :-
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गाँधी ने कहा कि ये महिला बिल नहीं था, ये हिंदुस्तान के राजनीतिक और इलेक्टोरल स्ट्रक्चर को बदलने की कोशिश थी, संविधान पर आक्रमण था। हमने इसे रोक दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि मैं प्रधानमंत्री से कहना चाहता हूं कि अगर आप महिला आरक्षण बिल लाना चाहते हैं, तो 2023 का महिला आरक्षण विधेयक आज से लागू कर दीजिए- पूरा विपक्ष आपको 100% समर्थन देगा। अगर ऐसा किया गया, तो हम महिला बिल तुरंत लागू करवा देंगे।
शाह का विपक्ष पर हमला :-
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट करते हुए लिखा कि आज लोकसभा में बहुत अजीब दृश्य दिखा। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लिए जरूरी संविधान संशोधन बिल को कांग्रेस, TMC, DMK और समाजवादी पार्टी ने पारित नहीं होने दिया। महिलाओं को 33% आरक्षण देने के बिल को गिरा देना, उसका उत्साह मनाना और जयनाद करना सचमुच निंदनीय और कल्पना से परे है। अब देश की महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33% आरक्षण, जो उनका अधिकार था, वह नहीं मिल पाएगा।
उन्होंने आगे लिखा कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने यह पहली बार नहीं किया, बल्कि बार-बार किया है। उनकी यह सोच न महिलाओं के हित में है और न देश के। मैं उन्हें बताना चाहता हूँ कि नारी शक्ति के अपमान की यह बात यहाँ नहीं रुकेगी, दूर तक जाएगी। विपक्ष को ‘महिलाओं का आक्रोश’ न सिर्फ 2029 लोकसभा चुनाव में, बल्कि हर स्तर, हर चुनाव और हर स्थान पर झेलना पड़ेगा।
कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि वे महिला आरक्षण नहीं चाहते, वे महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन चाहते थे। वे निर्वाचन क्षेत्रों में अपने हिसाब से बांटना चाहते हैं जिससे उनकी सरकार बनी रहे।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment