फोटो : फाइल फोटो
झुंझुनू, 19 अप्रेल 2026
रिपोर्ट : एडिटर
झुंझुनू पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के नेतृत्व में पुलिस की 60 टीमों ने कुल 436 जगहों पर छापेमारी की और हत्या के प्रयास, छेड़छाड़, चोरी और तस्करी जैसे मामलों में शामिल 123 आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई 'एरिया डोमिनेशन' के तहत की गई ।
पुलिस ने इस अभियान में सालों से फरार चल रहे वारंटियों की भी धरपकड़ की। पुलिस ने 4 इनामी बदमाशों और महिला अत्याचार के मामलों में फरार 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
कोर्ट से जारी वारंट के आधार पर 44 अपराधियों को पकड़ा गया, जो लंबे समय से पुलिस की नजरों से बच रहे थे। हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर अपराधों में 11, जबकि सामान्य अपराधों में 15 लोगों की गिरफ्तारी हुई।
अवैध शराब और हथियार रखने के आरोप में 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा, शांति भंग करने वाले 22 लोगों को भी जेल भेजा गया।
10 साल से फरार आरोपी गिरफ्तार :-
जिले की चिड़ावा थाना पुलिस ने चोरी के मामले में 10 साल से फरार चल रहे स्थायी वारंटी सुरेंद्र उर्फ नंदू (हरियाणा) को गिरफ्तार किया। साथ ही दुष्कर्म का एक पुराना आरोपी भी पकड़ा गया।
ऐसे ही उदयपुरवाटी पुलिस ने एक 4 साल की बच्ची से छेड़छाड़ के मामले में साल भर से फरार 5 हजार के इनामी आरोपी बन्नाराम सैनी को दबोच लिया। नवलगढ़ पुलिस ने सरकारी अस्पताल से इंजेक्शन चोरी करने वाले आरोपी विकास सैनी को गिरफ्तार किया।
खेतड़ीनगर पुलिस ने 10 हजार के इनामी हिस्ट्रीशीटर राकेश उर्फ रॉकी और 5 हजार के इनामी रजनीश को पकड़ने में सफलता हासिल की।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment