फोटो : फाइल फोटो
बालोतरा , 20 अप्रेल 2026
रिपोर्ट : एडिटर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कल किए जाने वाले रिफाइनरी के ऐतिहासिक लोकार्पण समारोह से ठीक पहले, आज दोपहर रिफाइनरी परिसर की एक यूनिट में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठते ही परिसर में अफरा-तफरी मच गई और आसमान काले धुएं के गुबार से भर गया।
यह वही यूनिट है जहाँ मंगलवार को पीएम नरेंद्र मोदी उद्घाटन करने वाले थे। आग के बाद पीएम मोदी का दौरा स्थगित हो गया है ।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर को रिफाइनरी की एक विशेष यूनिट में अचानक स्पार्किंग या अज्ञात कारणों से आग भड़क उठी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। करीब दो घंटे तक आग की लपटें उठती रहीं। आग पर लगभग काबू पा लिया गया है। इस दौरान करीब 10 से 12 फायर ब्रिगेड से एक साथ पानी की बौछार की गई।
सुरक्षा कारणों से पूरे क्षेत्र को खाली करा लिया गया था। कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
HPCL राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड में पाइप लाइन से आने वाला कच्चा तेल इसी यूनिट में आता है। इस यूनिट में क्रूड ऑयल रिफाइन होकर अलग-अलग यूनिट में भेजा जाता है।
अधिकारियों ने बताया कि आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के बाद ही नुकसान और इसके कारणों का आकलन किया जा सकेगा। घटना के बाद पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment