राजस्थान में पारा पहुंचा 42 डिग्री पार : सूर्य के तीखे तेवरों से लोगों का जनजीवन प्रभावित, अगले 3 दिन आंधी-लू का रहेगा डबल अटैक

फोटो  : फाइल फोटो 

जयपुर, 22 अप्रेल 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

राजस्थान में इन दिनों भीषण गर्मी और लू के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। पिछले दो दिनों से सूर्य के तीखे तेवरों ने लोगों का जीवन बेहाल कर रखा है । पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया है ।

झुलसा देने वाली गर्मी के कारण लोग सुबह 10 बजे से पहले और शाम 5 बजे के बाद ही जरूरी कार्यों के लिए घरों से बाहर निकल रहे हैं, जिससे दोपहर में बाजारों में सन्नाटा पसरा रहता है।

मौसम विभाग का अलर्ट:-

मौसम विभाग ने 23 अप्रेल से कई जिलों में धूलभरी हवा चलने की चेतावनी जारी की है। इससे तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव हो सकता है, लेकिन गर्मी से फिलहाल राहत मिलने के आसार कम ही हैं।

मौसम विभाग ने 23 और 24 अप्रेल को भरतपुर, डीग, धौलपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल- तिजारा, कोटपुतली बहरोड़, हनुमानगढ़ और श्रीगंगागनर के लिए ऊष्ण लहर चलने का अलर्ट जारी किया है। 25 अप्रेल को भरतपुर, डीग, धौलपुर, झुंझुनूं, खैरथल-तिजारा, कोटपुतली बहरोड़, हनुमानगढ़ और श्रीगंगागनर जिले में लू चलने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है।

चिकित्सकों ने भी लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, अधिक से अधिक पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। आने वाले दिनों में तापमान में एक-दो डिग्री बढ़ने की आशंका जताई गई है। गर्मी से राहत पाने के लिए सुबह और शाम को उद्यानों व पार्कों में लोगों की आवाजाही बढ़ गई है। बच्चे, बुजुर्ग और युवा उद्यानों में समय बिताते नजर आ रहे हैं।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit