सांसद बृजेंद्र सिंह ओला की अधिकारियो को हिदायत : ओला ने कहा - जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों की फाइलों में दबाने के बजाय उन्हें गंभीरता से हल करें

फोटो  : फाइल फोटो 

झुंझुनू , 23 अप्रेल 2026
रिपोर्ट  : एडिटर 

झुंझुनू जिला परिषद सभागार में गुरुवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) बैठक आयोजित हुई । बैठक में सांसद बृजेंद्र सिंह ओला ने जिले के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के प्रति अधिक जवाबदेह बनने की हिदायत दी।

सांसद ओला ने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधि जो प्रस्ताव देते हैं, उन पर विभागीय कार्रवाई की गति धीमी नहीं होनी चाहिए। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि योजनाओं का असली लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचे और शिकायतों को फाइलों में दबाने के बजाय उन्हें गंभीरता से हल करें।

पेयजल आपूर्ति ठीक नही :-

बैठक में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की स्थिति संतोषजनक नहीं है। बिजली कटौती और बुनियादी ढांचे में सुधार की धीमी गति पर भी अधिकारियों से जवाब तलब किया गया। जनप्रतिनिधियों ने किसानों को फसल बीमा का लाभ मिलने में हो रही देरी और आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्रों के पंजीकरण में आ रही बाधाओं का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।

योजनाओं की प्रगति पर जताई चिंता :-

सांसद ओला ने केंद्र और राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने अधूरे कार्यों को लेकर नाराजगी जताते हुए निर्देश दिए। उन्होंने मनरेगा के तहत श्रमिकों को समय पर रोजगार और ग्रामीण आजीविका मिशन को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों को जल्द किश्तें जारी करने और पीएम ग्राम सड़क योजना के तहत रुके हुए निर्माण कार्यों को गति देने को कहा गया। समग्र शिक्षा अभियान के तहत स्कूलों में संसाधनों की कमी दूर करने और स्वच्छ भारत मिशन की जमीनी हकीकत सुधारने पर जोर दिया गया।

सांसद ने अधिकारियों को पाबंद किया कि वे विभागीय योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों के साथ नियमित रूप से साझा करें। उन्होंने कहा कि बैठक की कार्यवाही रिपोर्ट (ATR) समय पर भिजवाई जानी चाहिए ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि पिछली बैठकों में लिए गए निर्णयों पर धरातल पर काम हुआ है या नहीं।

खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558

Related News

Leave a Comment

Submit