फोटो : फाइल फोटो
खेतड़ी, 26 अप्रेल 2026
रिपोर्ट : एडिटर
खेतड़ीनगर में एक 45 साल के व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान योगेश शर्मा उर्फ श्याम (45) पुत्र नथमल के रूप में हुई है। वह जसरापुर गांव में मेडिकल स्टोर चलाते थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
परिवार ने इसे सामान्य आत्महत्या नहीं मानते हुए साजिश के तहत हत्या का आरोप लगाया है, जिससे मामला गंभीर हो गया है। मामला खेतड़ी थाना क्षेत्र के जसरापुर गांव का है।
परिजनों के अनुसार, घटना से पहले योगेश शर्मा ने बारां में पुलिस में तैनात अपने भांजे पंकज को फोन किया था। उन्होंने बताया था कि उन्हें एक व्यक्ति द्वारा गोली मारने की धमकी दी जा रही है, जिससे वे काफी डरे हुए थे।
महिला और युवक पर आरोप :-
मृतक के बेटे आदित्य ने पुलिस को दी रिपोर्ट में गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि गांव की एक महिला अक्सर उनके पिता की दुकान पर दवाई लेने आती थी। इसी बात को लेकर ढाणी ढेरवाला तन जसरापुर निवासी मुकेश गुर्जर नाराज था।
आदित्य का आरोप है कि मुकेश ने पहले भी उनके पिता को जान से मारने की धमकी दी थी। शनिवार को महिला और मुकेश ने कथित तौर पर योगेश को महिला के घर बुलाकर धमकाया, जिसके बाद उन्होंने आत्महत्या कर ली।
मेडिकल स्टोर चलाते थे :-
योगेश शर्मा अपने गांव में मेडिकल स्टोर संचालित करते थे। उनके परिवार में दो बेटियां विवाहित हैं, जबकि बेटा आदित्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। घटना के बाद पूर्व सरपंच केदार खिंची और समाजसेवी झंडूराम गुर्जर सहित कई लोग अस्पताल पहुंचे और पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की।
एएसआई विजय कुमार ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment