फोटो : फाइल फोटो
झुंझुनूं के खेतड़ी में सरपंच मतदान के दौरान खूनी संघर्ष हो गया। मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि करीब 7-8 लोग घायल हो गए। घायलों नीमकाथाना जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, बबाई पंचायत समिति क्षेत्र की विजयनगर ग्राम पंचायत में मतदान के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। जिसमें पूर्व सरपंच लक्ष्मी नारायण ( 75 ) की मौत हो गई ।
वहीं, करणी सेना जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह फौजी भी घायल हुए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, विजयनगर ग्राम पंचायत में मतदान के दौरान पर्चियां बनाने के लिए लगाए गए बूथ पर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इस दौरान पूर्व सरपंच लक्ष्मी नारायण सैनी गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने जयपुर रेफर कर दिया, लेकिन जयपुर ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मारपीट में घायल करणी सेना जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह फौजी का खेतड़ी के राजकीय उप जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। मृतक का शव नीमकाथाना स्थित मोर्चरी में रखवाया गया है।
अचानक हुआ हमला :-
घायल गोविंद सैनी ने बताया सरपंच मतदान के दौरान दूसरे सरपंच प्रत्याशी के लोगों ने सरपंच प्रत्याशी सुमन सैनी के लोगों पर अचानक हमला कर दिया। अचानक हुए हमले की वजह से लोगों को संभलने का भाई अवसर नहीं मिला।
घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह भी नीमकाथाना जिला अस्पताल पहुंचने। कानून व्यवस्था को लेकर उन्होंने प्रदेश सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि खेतड़ी में कानून व्यवस्था खत्म हो चुकी है।
मृतक की पुत्र वधू प्रत्याशी :-
मृतक लक्ष्मी नारायण सैनी की पुत्रवधू सुमन सैनी सरपंच पद की प्रत्याशी हैं। नई पंचायत बनने के बाद विजयनगर ग्राम पंचायत में पहली बार मतदान हो रहा था। चुनाव को लेकर ग्रामीणों में उत्साह था, लेकिन मतदान के दौरान हुई हिंसक घटना से माहौल मातम में बदल गया।
जानकारी के अनुसार मृतक लक्ष्मीनारायण ( 75 ) एक बार सरपंच रह चुके है। एक बार उनकी पत्नी नथी देवी सरपंच रही। वही एक बार उनकी पुत्र वधु और वर्तमान सरपंच प्रत्याशी सुमन सैनी सरपंच रह चुकी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए विजयनगर में भारी पुलिस जाप्ता तैनात किया गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558
Leave a Comment