फोटो : फाइल फोटो
सिरोही जिले में चारा-पानी के संकट से परेशान पशुपालकों का आक्रोश सामने आया। करीब दो सप्ताह से प्रशासन से गुहार लगा रहे पशुपालक आखिरकार गायों के साथ जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और अधिकारियों के सामने अपनी समस्या रखी।
सिरोही क्षेत्र के पशुपालक सोमवार को करीब 700 गायों को लेकर जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
पशुपालकों का कहना है कि जिले के कई गांवों में गायों के लिए चारा-पानी की व्यवस्था नहीं होने से हालात लगातार बिगड़ रहे हैं, लेकिन उनकी शिकायतों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
गोल मंडवाड़ा, मकरोड़, पलड़ी सहित आसपास के दर्जनों गांवों के पशुपालक अपनी गायों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्ट्रेट परिसर के आसपास बड़ी संख्या में गायों के पहुंचने से प्रशासनिक अधिकारियों का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया गया।
पशुपालकों ने मांग की कि जिले में गायों के लिए तत्काल चारा-पानी की व्यवस्था की जाए और संकट से जूझ रहे गांवों को राहत दी जाए। प्रदर्शन के दौरान पशुपालकों ने प्रशासन से समस्या का स्थायी समाधान करने की गुहार लगाई।
पशुपालकों का दावा है कि जिले में करीब 20 हजार गायें चारा-पानी की कमी से प्रभावित हैं। अब सवाल यह है कि पशुपालकों की इस गंभीर समस्या पर प्रशासन कब ठोस कदम उठाएगा?
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 935847558
Leave a Comment