फोटो : फाइल फोटो
मुंबई, 24 नवंबर 2025
रिपोर्ट : एडिटर
दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का 89 साल की उम्र में निधन हो गया है। धर्मेंद्र ने सोमवार दोपहर अपने घर पर अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार विले पार्ले श्मशान भूमि में हुआ, जिसमें सलमान खान, संजय दत्त, अमिताभ बच्चन, आमिर खान समेत कई सेलेब्स पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन को एक युग के अंत का संकेत कहा है।
अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर फिल्म डायरेक्टर करण जौहर ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर लिखा, "यह एक युग का अंत है... एक बहुत बड़ा मेगा स्टार... वह इंडियन सिनेमा के एक असली लेजेंड हैं और हमेशा रहेंगे... वे सिनेमा के इतिहास के पन्नों में परिभाषित और समृद्ध रूप से मौजूद रहेंगे।"
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मशहूर एक्टर धर्मेंद्र के निधन पर दुख जताया। राष्ट्रपति ने लिखा, "मशहूर एक्टर और पूर्व सांसद श्री धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक बहुत बड़ा नुकसान है। सबसे पॉपुलर एक्टर्स में से एक, उन्होंने अपने दशकों लंबे शानदार करियर में कई यादगार परफॉर्मेंस दीं। भारतीय सिनेमा की एक बड़ी हस्ती के तौर पर, वह अपने पीछे एक ऐसी विरासत छोड़ गए हैं जो कलाकारों की नई पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। उनके परिवार, दोस्तों और चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।"
इसी महीने धर्मेंद्र को सांस लेने की दिक्कत हुई थी, जिसके बाद करीब 11 दिनों तक वे एक अस्पताल में भर्ती रहे । हालांकि तब धर्मेंद्र की हालत में सुधार हो गया था और उन्हें डिस्चार्ज कर घर भेज दिया गया था। उनका लगातार घर पर इलाज चल रहा था, लेकिन सोमवार को उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।
बता दे अभिनेता धर्मेंद्र लंबे समय से उम्र संबंधी कई स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे, जिनमें सबसे बड़ी परेशानी सांस लेने में तकलीफ थी। यह उनकी सबसे गंभीर थी, जिसके कारण उन्हें अस्पताल में भी भर्ती कराया गया और कुछ सप्ताह पहले वेंटिलेटर सपोर्ट पर भी रखा गया था। इसके साथ ही उन्हें सीने में दर्द की भी शिकायत थी। इससे पहले अप्रैल 2025 में धर्मेंद्र की आंख की सर्जरी हुई थी।करीब 5 साल पहले दिग्गज अभिनेता को डेंगू हो गया था, जिसके कारण कई दिनों तक अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। बढ़ती उम्र के कारण उन्हें कई अन्य सामान्य स्वास्थ्य समस्याएं भी थीं। उनका इलाज चल रहा था, लेकिन फिर भी पिछले कुछ सप्ताह से स्वास्थ्य में लगातार गिरावट आ रही थी।
प्रधानमंत्री ने जताया शोक :-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "धर्मेंद्र जी के जाने से भारतीय सिनेमा में एक युग का अंत हो गया है। वह एक आइकॉनिक फिल्म पर्सनैलिटी थे, एक ज़बरदस्त एक्टर थे जिन्होंने अपने हर रोल में चार्म और गहराई लाई। जिस तरह से उन्होंने अलग-अलग रोल किए, उसने अनगिनत लोगों के दिलों को छुआ। धर्मेंद्र जी अपनी सादगी, विनम्रता और प्यार के लिए भी उतने ही जाने जाते थे। इस दुख की घड़ी में, मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और अनगिनत फैंस के साथ हैं। ओम शांति।"
खबरों के लिए सिर्फ हिंदुस्तान डिजिटल न्यूज़, व्हाट्स ऐप्प No. 9358447558
Leave a Comment